Share this post with:
बेमेतरा में रविवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह उस समय सुर्खियों में आ गया, जब अव्यवस्थाओं के कारण खुद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को सार्वजनिक रूप से अधिकारियों पर भड़कना पड़ा। इस कार्यक्रम में बेमेतरा से भाजपा विधायक दीपेश साहू सहित 21 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, लेकिन समारोह स्थल पर बारिश से बचने के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण स्थिति असहज हो गई।
जैसे ही फेरों के दौरान तेज बारिश शुरू हुई, पंडाल की व्यवस्था चरमरा गई। सेहरा सजाए दूल्हे और सज-धजकर बैठी दुल्हनें खुद को भीगने से बचाने के लिए बेबस नजर आए। स्थिति इतनी खराब हो गई कि जोड़ों और उनके परिजनों को सिर ढकने के लिए जमीन पर बिछे गद्दों और प्लास्टिक की कुर्सियों का सहारा लेना पड़ा।
इस अव्यवस्था को देखकर वहां मौजूद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में ही डॉ. रमन सिंह ने कलेक्टर और एसपी को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अपने 15 साल के लंबे कार्यकाल में उन्होंने ऐसी बदइंतजामी कभी नहीं देखी। घटना के बाद से ही कांग्रेस ने भी सरकार को निशाने पर लेते हुए प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
वहीं दूसरी ओर, विवाह के मुख्य आकर्षण रहे विधायक दीपेश साहू ने अपनी शादी को एक मिसाल के रूप में पेश किया। उन्होंने ड्राइवर की बेटी तरुणा साहू के साथ परिणय सूत्र में बंधने के बाद घोषणा की कि इस योजना के तहत मिलने वाली सरकारी राशि को वे अपने पास नहीं रखेंगे, बल्कि इसे क्षेत्र की मेधावी छात्राओं की शिक्षा पर खर्च करेंगे। समारोह में बारातियों का स्वागत पारंपरिक परी डांस के साथ हुआ और सभी दूल्हे ई-रिक्शा व बैलगाड़ी में सवार होकर पहुंचे।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023